व्यवसाय प्रशासन निष्णात (एमबीए) एक निष्णात स्तर का कार्यक्रम है, जिसके पूर्ण हो जाने पर व्यवसाय प्रशासन निष्णात (एमबीए) की डिग्री प्रदान की जाती है। व्यवसाय प्रशासन निष्णात (एमबीए) दो वर्ष का, पूर्णकालिक आवासीय कार्यक्रम है। प्रथम वर्ष का पाठ्यक्रम तीन सत्रों में विभाजित है। इसमें मुख्य पाठ्यक्रम शामिल हैं जो प्रबंधन के विभिन्न कार्यात्मक क्षेत्रों की बुनियादी अवधारणाओं को समझाते हैं। प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम के सभी विषय सभी छात्रों के लिए अनिवार्य हैं। प्रथम वर्ष की पढ़ाई के बाद ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप होती है। ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप के दौरान, छात्रों को आठ से दस सप्ताह की अवधि के लिए किसी संस्थान के साथ औद्योगिक परियोजना पर काम करना होता है। ग्रीष्मकालीन प्लेसमेंट व्यवसाय प्रशासन निष्णात (एमबीए) का एक अभिन्न अंग है। प्लेसमेंट कार्यालय छात्रों को उपयुक्त ग्रीष्मकालीन कार्य खोजने में सहायता करता है।
द्वितीय वर्ष का पाठ्यक्रम अगले तीन सत्रों (चौथे सत्र से छठे सत्र तक) में फैला हुआ है। द्वितीय वर्ष के छात्रों को विपणन, वित्त, अर्थशास्त्र, रणनीति, निर्णय विज्ञान, विश्लेषण, सूचना प्रौद्योगिकी, संगठनात्मक व्यवहार, मानव संसाधन, संचालन और आपूर्ति श्रृंखला आदि जैसे विभिन्न कार्यात्मक क्षेत्रों में वैकल्पिक पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाते हैं। छात्र अपनी पसंद के आधार पर इन वैकल्पिक विषयों को चुन सकते हैं, बशर्ते वे कार्यक्रम की न्यूनतम क्रेडिट आवश्यकताओं को पूरा करते हों। जो प्रतिभागी कार्यक्रम की सभी आवश्यकताओं को सफलतापूर्वक पूरा करते हैं, उन्हें एमबीए डिग्री' प्रदान की जाती है।